लावारिस शव को कंधे पर लादकर 3km पैदल चली महिला सब-इंस्पेक्टर, लोग कर रहे हैं सलाम
आंध्र प्रदेश में भीषण गर्मी में एक महिला सब-इंस्पेक्टर कृष्णा पावनी लावारिस शव को कंधे पर तीन किमी. तक ले गई. इसके बाद गांव के लोगों ने एसआई की ड्यूटी के लिए लगन और प्रतिबद्धता की तारीफ की.
लेप्रकाशम. आंध्र प्रदेश की एक महिला सब इंस्पेक्टर कृष्णा पावनी ने भीषण गर्मी में जंगली इलाके में एक लावारिस वृद्ध का शव करीब 3 किमी. तक कंधे पर ले जाकर सबको चौंका दिया है. एक वन क्षेत्र में हुई यह घटना जल्द ही वायरल हो गई. महिला एसआई ने एक कांस्टेबल के साथ साहस दिखाया और एक अज्ञात व्यक्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गई. इसके बाद गांव के लोगों ने एसआई की ड्यूटी के लिए लगन और प्रतिबद्धता की तारीफ की.
ये घटना आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले के हनमंथुनीपेट मंडल में हाजीपेट वन क्षेत्र में सामने आई है. जब एसआई ने एक कांस्टेबल की मदद से एक व्यक्ति के शव को करीबी अस्पताल पहुंचाने का काम किया. शव को ले जाने के लिए कोई और मौजूद नहीं था. इसलिए सब इंस्पेक्टर कृष्णा पावनी ने भीषण गर्मी में वन क्षेत्र से कनिगिरी कस्बे के अस्पताल तक शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का फैसला किया. पावनी ने एक सिपाही की मदद से लावारिस शव को नजदीकी सड़क तक ले जाने के लिए करीब 3 किमी. की दूरी पैदल तय की.
लोगों से करीब 65 साल की उम्र के व्यक्ति के शव की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी. सब इंस्पेक्टर कृष्णा पावनी ने शव को चटाई में लपेट कर उसे लकड़ी के लट्ठे से बांध दिया और कंधों पर उठाकर पास के एक गांव की मुख्य सड़क पर ले गईं. वहां से उन्होंने इस शव को एम्बुलेंस में डालकर कनिगिरी शहर के सरकारी अस्पताल में भेज दिया. गांव के लोगों ने महिला एसआई की ड्यूटी के लिए प्रतिबद्धता और समर्पण की सराहना की. जिले के एसीपी व आला अधिकारियों ने भी इस कार्य के लिए महिला एसआई की सराहना की.
गौरतलब है कि इसी तरह की एक घटना पिछले साल आंध्र प्रदेशके श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा इलाके में हुई थी, जब एक खेत में एक अज्ञात शव मिला था. उस समय भी महिला एसआई शिरिशा ने पुलिस कांस्टेबल की मदद से शव को दो किलोमीटर अपने कंधों पर ले जाने की हिम्मत दिखाई थी. तब डीजीपी गौतम सवांग ने उन्हें पुरस्कार देकर उनके काम की सराहना की थी.

Comments
Post a Comment